खबर वाहिनी न्यूज जींद ब्यूरो (ज्योति धलवाल)
जींद : वेद नगर स्थित मिढ़ा अस्पताल परिसर में सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी द्वारा कौशलश्री सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह सम्मान अखिल भारतीय स्तर पर कला के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने वाले थिएटर आर्टिस्ट रमेश मूर्ति को प्रदान किया गया। संस्था द्वारा यह सम्मान राजन चिल्लाना, प्रतिनिधि उपाध्यक्ष हरियाणा विधानसभा से प्रदान किया गया। इस अवसर पर राजन चिल्लाना ने कहा कि भारतीय नाट्य परंपरा के जनक भरतमुनि द्वारा प्रतिपादित नाट्य शास्त्र आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहा है। रमेश मूर्ति जैसे कलाकार उसी परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं। रमेश मूर्ति अपने नाट्य अभिनय के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए समाज में नवचेतना का संचार कर रहे हैं। वे पारंपरिक भारतीय कला और रंगमंच को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य भी निरंतर कर रहे हैं।

संस्था के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने कहा कि नाट्य विधा कला का एक जीवंत और प्रभावशाली स्वरूप है। जो सदियों से भारतीय कला जगत का अभिन्न हिस्सा रही है। रंगमंच समाज को सोचने और बदलने की शक्ति देता है। सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी पर्यावरण संरक्षण, बच्चों की शिक्षा तथा कला व साहित्य के प्रसार हेतु निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में संस्था के उपाध्यक्ष सुमित, नरेंद्र, प्रतिभा सहित अनेक कला प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








