सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में की प्रेसवार्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, सांसद व वरिष्ठ नेता जिला अनुसार करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 वर्ष गौरवपूर्ण : बड़ौली
मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां ऐतिहासिक : राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा
चंडीगढ़, 10 जून : भारतीय जनता पार्टी ने मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को प्रेस के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए अपने नेताओं को मैदान में उतार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने जिला अनुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए मुख्य वक्ताओं की लिस्ट जारी की है। ये प्रेसवार्ताएं 11 और 12 जून को हर जिला में आयोजित की जाएंगी। भाजपा के ये सभी मुख्य वक्ता ‘‘ मोदी सरकार के 11 वर्ष-संकल्प से सिद्धि तक’’ कार्यक्रम के तहत मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां बताएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रेसवार्ता की है। अंबाला में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर प्रेसवार्ता करेंगे। इसी तरह यमुनानगर जिला में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कुरूक्षेत्र में कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा और कैथल में कृष्णपाल पंवार प्रेसवार्ता करेंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करनाल में और मंत्री विपुल गोयल पानीपत, मंत्री अरविंद शर्मा सोनीपत, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी गोहाना में प्रेसवार्ताएं करेगी। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं जींद में और गौरव भाटिया रोहतक में प्रेसवार्ता करेंगे। इसी तरह राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ झज्जर, रामचंद्र जांगड़ा डबवाली, मंत्री कृष्ण बेदी सिरसा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया हांसी, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर हिसार में प्रेसवार्ता करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि फतेहाबाद में सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी में मंत्री रणबीर गंगवा, दादरी में मंत्री श्याम सिंह राणा, रेवाड़ी में बिशम्बर बाल्मीकि, महेंद्रगढ़ में केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, गुरुग्राम में प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, गुरुग्राम ग्रामीण में मंत्री गौरव गौतम, नूंह में राजेश नागर, पलवल में सीमा त्रिखा, बल्लभगढ़ में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और फरीदाबाद जिला में जेपी दलाल मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रेसवार्ता करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 गौरवपूर्ण वर्ष पूरे हुए हैं। मोदी सरकार की गौरवशाली उपलब्धियांं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देश व्यापी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई तक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। सोशल मीडिया से जुड़े लोग इसमें भाग लेंगे और बदलते भारत के अनुभवों को सांझा करेंगे। उन्होंने कहा कि 11 साल की उपलब्धियों को लेकर प्रदर्शनी लगाई जाएंगी, विकसित भारत की संकल्पना एवं हमारी भूमिका, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल, सशक्त भारत-सुरक्षित भारत को लेकर प्रोफेशनल मीट का आयोजन होगा।
‘‘मोदी सरकार के 11 साल, संकल्प से सिद्धि तक’’ की संयोजक राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 12 से 14 जून तक विकसित भारत संकल्प सभाएं होंगी। 17 से 21 जून तक मंडल स्तर पर योग शिविर लगाए जाएंगे। ग्राम, वार्ड और शक्ति केंद्रों व बूथों पर चौपाल कार्यक्रम होंगे। आयुष्मान योजना के तहत वंचित लोगों के कार्ड मौके पर ही बनवाए जाएंगे।

रेखा शर्मा ने कहा कि प्रदेश, जिला, मंडल और शक्ति केंद्रों पर नेताओं के प्रवास कार्यक्रम होंगे। पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को एक पेड़ मां के नाम लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर बूथों पर कार्यक्रम होंगे। 25 जून को आपातकाल को लेकर जिला स्तर पर सेमिनार, लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान और आपातकाल पर प्रदर्शनी लगाकर लोगों को कांग्रेस के कुशासन के बारे में अवगत कराया जाएगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में प्रेसवार्ताओं की तैयारियां पूरी हो चुकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के निर्देशानुसार प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अरविंद सैनी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता के लिए मुख्य वक्ताओं की जिला अनुसार जिम्मेदारी तय की है। अब सभी वक्ता 11 और 12 जून को जिला अनुसार प्रेसवार्ता के माध्यम से मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।

